आईएएस ऑफिसर तुकाराम मुंढे, 13 साल की नौकरी में 12वीं बार हुआ तबादला
22 Nov 2018
521
►मई 2016 से अब तक 4 बार हो चुका ट्रांसफर, इस मामले में चर्चित हैं मुंढे
मुंबई, (22 नवंबर 2018)- अपनी ईमानदारी के लिए चर्चित हो चुके आईएएस तुकाराम मुंढे का मुंबई तबादला कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें मुंबई स्थित मिनिस्ट्री के नियोजन विभाग में भेजा गया है। तुकाराम नासिक म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के कमिशनर पद पर थे। उनकी जगह ओसमानाबाद के कलेक्टर आरवी गेम को अपॉइंट किया गया है। तुकाराम का विवादों का साथ भी गहरा नाता रहा है। अक्सर नेताओं के साथ इनका टकराव होता रहा है। इस बार भी उनका तबादला नेताओं के भारी विरोध के चलते होना बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 13 साल की नौकरी में तुकाराम का ये 12वां ट्रांसफर है। मई 2016 से अब तक चार बार उनका तबादला हो चुका है। बता दें कि नासिक म्युनिसिपल कमिश्नर पद पर तुकाराम को अभी 9 महीने ही हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, तुकाराम ने यहां अवैध निर्माणकार्य करने वालों की नाक में दम कर रखा था। इस कारण लगातार इनके और नेताओं के बीच टकराव की खबरें सामने आ रही थीं। यह भी बताया जा रहा है कि बीजेपी के कई नेता भी तुकाराम के तबादले के पक्ष में थे।