शादी की सालगिरह पर सोनाली का पति को इमोशनल मैसेज
13 Nov 2018
878
कैंसर का इलाज करा रहीं सोनाली ने इस मैसेज में अपने पति को उनकी ताकत, प्यार और खुशी का जरिया बनने के लिए शुक्रिया कहा। शादी की 16वीं सालगिरह के मौके पर सोनाली ने इंस्टाग्राम पर सोमवार देर रात एक फोटो शेयर की, जिसमें वो अपने पति गोल्डी के साथ नजर आ रही हैं। सोनाली ने इसके साथ अपने मैसेज में लिखा, "जैसे ही मैं ये मैसेज लिखना शुरू करूंगी, मैं जानती हूं कि मैं इसमें वो सभी इमोशन और सोच नहीं दिखा पाऊंगी, जो मेरे जहन में चल रहे हैं." एक्ट्रेस ने लिखा, "पति. साथी. सच्चा दोस्त. मेरी ताकत. मेरे लिए, ये सब गोल्डी बहल है. शादी एक दूसरे के साथ अच्छे और बुरे समय में, बीमारी में और अच्छे स्वास्थ्य में खड़े रहने का नाम है. भगवान ही जानता है कि हमने ये साल कैसे गुजारा है." सोनाली ने लिखा कि कैंसर एक इंसान के अकेले की लड़ाई नहीं है. इस बीमारी से पूरा परिवार सामना करता है। उन्होंने लिखा, "मैं इस सफर से गुजर पाई हूं, ये जानते हुए कि तुम अपनी सारी जिम्मेदारी निभाओगे. मेरी ताकत, प्यार और खुशी का जरिया बने रहने के लिए शुक्रिया. मुझे और मेरी भावनाओं को समझने के लिए शुक्रिया. मैं एक ऐसे इंसान के बारे में क्या कहूं, जो आपका ही एक हिस्सा है. जो सिर्फ आपका है और उसके अलावा कोई और चीज मायने नहीं रखती. शादी की सालगिरह की बधाई हो गोल्डी." सोनाली ने साल 2002 में गोल्डी के साथ शादी की थी, दोनों का 12 साल का बेटा रणवीर है।