तारक मेहता का उल्टा में डॉ. हंसराज हाथी का किरदार निभाने वाले कवि कुमार आजाद का हार्ट अटैक से हुआ निधन।
09 Jul 2018
895
मुंबई, (9 जुलाई 2018)- तारक मेहता का उल्टा चश्मा टीवी शो की पूरी कास्ट से दर्शकों को गहरा लगाव हो गया था। ऐसे में जब डॉ हंसराज हाथी के निधन की खबर आई तो दर्शक बेचैन हो गए। बता दें कि तारक मेहता का उल्टा चश्मा में डॉ हाथी का रोल निभाने वाले एक्टर का असली नाम कवि कुमार आजाद था और दर्शक उनकी कॉमेडी को बेहद पसंद करते थे। 9 जुलाई को दोपहर में सभी इस खबर से हैरान रह गए कि कार्डियक अरेस्ट से कवि कुमार आजाद का निधन हो गया। हालांकि कुछ खबरों के मुताबिक, कवि काफी समय से बीमार भी चल रहे थे। इसके बाद दिन में 11 से 12 बजे के बीच उनको बड़ा हार्ट अटैक आया। वैसे इस जुलाई में तारक मेहता का उल्टा चश्मा के प्रसारण का 10 साल पूरे होने वाले थे। हाल ही में शो के 2500 एपिसोड पूरे हुए थे जिसकी सेलिब्रेशन में कवि भी शामिल हुए थे। वहीं तारक मेहता का उल्टा चश्मा के प्रोड्यूसर व कास्ट का कहना है कि वह एक अच्छे इंसान थे और हमेशा खुश रहते थे। बता दें कि कवि कुमार आजाद ने सर्जरी से अपना करीब 80 किलो वजन कम कराया था। बताया जा रहा है कि एक्टर कवि कुमार आजाद का पोस्टमॉर्टम चल रहा है। वहीं उनके पेरेंट्स की हालत भी उनकी डेथ की खबर से खराब है। साथ ही वे लखनऊ से मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। तारक मेहता का उल्टा चश्मा में कवि कुमार की कॉमेडी दर्शकों को पसंद थी। एक फैन ने लिखा है कि ये रील लाइफ डॉक्टर थे लेकिन लोगों को हंसाकर रियल लाइफ डॉक्टर बन गए। तारक मेहता का उल्टा चश्मा में डॉ हाथी के डायलॉग को दर्शक बहुत याद कर रहे हैं। उनके निधन की खबर पर एक फैन ने लिखा - ये खबर बिल्कुल सही नहीं है। दर्शकों के बीच डॉ हाथी खासतौर पर एक डायलॉग के लिए मशहूर थे - सही बात है। इसे कहने का उनका अंदाज देखने वालों के चेहरे पर मुस्कान ले आता था। अब दर्शक कह रहे हैं कि ये इस किरदार को बहुत मिस करेंगे।