अनुपम खेर बने FTII के नए चेयरमैन

 16 Oct 2017  723
मुंबई, बॉलीवुड के नामचीन अभिनेता अनुपम खेर को पुणे स्थिति भारतीय फिल्म एवं टेलिविजन संस्थान (एफटीआईआई) का अध्यक्ष बनाया गया है। विदित हो कि मोदी सरकार बनने के बाद इस संस्थान का अध्यक्ष अभिनेता गजेंद्र चौहान को बनाया गया था, जिसके बाद छात्रों ने उनकी नियुक्ति का जमकर विरोध किया था। काफी विरोध के बावजूद उनकी नियुक्ति को रद्द नहीं किया गया था। बहरहाल, एफटीआईआई के चेयरमैन का कार्यकाल सामान्य तौर पर तीन साल का होता है।

किरन खेर के पति ने दीं कई यादगार फिल्में

गौरतलब है कि खेर बी-टाउन की फेमस अभिनेत्री किरन खेर के पति हैं। साल 2004 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री के सम्मान से नवाजा था और साल 2016 में उन्हें पद्म भूषण का सम्मान भी मिल चुका है। साल 1982 में फिल्म ‘आगमन’ से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करने वाले अनुपम खेर ने हिंदी सिनेमा को अनेक हिट और यादगार फिल्में दी हैं। अभी हाल ही में अपने बयानों को लेकर वे सुर्खियों में भी रहे हैं।