जैसा लोग देखना चाहते हैं वैसा ही लुक: कपिल शर्मा

 26 Sep 2015  1465
कॉमेडी की दुनिया में बुलंदियों पर पहुंच चुके कपिल शर्मा अब बड़े पर्दे पर भी नजर आने वाले हैं। कॉमेडी के बलबूते देश-विदेश में घर-घर पहचान बनाने में सफल रहे कपिल को निर्देशक अब्बास-मुस्तन ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' से रुपहले पर्दे पर बेहतरीन मौका दिया है। हाल ही कपिल ने फिल्म और अपनी निजी लाइफ के बारे में बातें शेयर कीं।
 
फिल्म की यूएसपी क्या है?
इसकी खासियत यह है कि लोग जैसा मुझे देखना चाहते हैं, वैसा ही लुक मुझे दिया गया है। मूवी को ऑडियंस का भरपूर प्यार मिलेगा, क्योंकि यह हमारे शो की तरह ही फैमिली के साथ देखने वाली मनोरंजक फिल्म है। 
 
चार हीरोइनों के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
(हंसते हुए) इसकी खूबसूरती यही है कि बंदा न चाहते हुए भी चार हीरोइनों को साथ लेकर चलता है। हकीकत तो यह है कि बंदा चाहता नहीं है कि उसकी तीन बीवी और एक गर्लफ्रैंड हो, पर वह जानबूझकर कुछ नहीं करता। बस, उसके साथ एक्सीडेंटली ऐसा होता जाता है। अब जब हो ही रहा है, तो वह किसी का दिल भी नहीं तोडऩा चाहता है। 
 
मूवी को साइन करने की वजह क्या रही?
हकीकत तो यह है कि पहले मुझे तीन फिल्में करनी थीं, पर किन्हीं कारणों से ऐसा संभव नहीं हो सका। इसी सिलसिले में जब मैं अब्बास-मुस्तन से मिला, तो उन्होंने कहा कि यह फिल्म मेरे पास काफी समय से थी, क्योंकि मुझे इसके लिए एक कॉमेडी पर्सन चाहिए था, जिसकी टाइमिंग सटीक हो। फिर उन्होंने कहा कि मैं आपके शो का फैन हूं और यह फिल्म मुझे तुहारे साथ ही करनी है। यह बात सुनते ही मैंने सोचा कि इतने बड़े डायरेक्टर को मुझ पर भरोसा है, तो भला मैं उन्हें ना कैसे कर सकता हूं। 
 
फिल्म में कितने गाने गाए हैं?
एक छोटे-से सीन में गाना है, जिसमें मैं काफी झल्लाहट और टेंशन में दारू पीकर अपने दोस्त के साथ बैठा हूं। इसके अलावा दूसरा डुएट सॉन्ग 'बोले बम-बम' भी गाया है। 
 
अब्बास-मुस्तन कॉमेडी में सहज रहे हैं?
वे बेहतरीन डायरेक्टर्स हैं। उन्हें कहानी के साथ न्याय करना आता है। एेसा नहीं है कि वे मर्डर-मिस्ट्री या थ्रिलर के अलावा कॉमेडी और रोमांटिक फिल्में नहीं बना सकते। 
 
आपके अनुसार कॉमेडी की दुनिया के पांच बड़े चेहरे कौन हैं?
मित्तल साहब और जॉनी भाई हैं, जिनसे मैं कभी मिल नहीं पाया। साथ ही लोग महमूद साहब को एक मंझा हुआ कॉमेडी स्टार मानते थे। अब्बास भाई की फिल्मों में जॉनी भाई रहते हैं। इस फिल्म में उनकी जगह उनकी बेटी जेमी लीवर है।