आधी रात को सलमान ने पूछा 'हीरो' बनोगे

 26 Sep 2015  1483
जयपुर!
'कबीर खान के साथ फिल्म 'एक था टाइगर' को टर्की में असिस्ट कर रहा था। शूट के बाद मैं अपने कमरे में जाकर सो गया। रात को तीन बजे दरवाजा पर दस्तक हुई, उठकर दरवाजा खोला तो सामने सलमान खान थे। उन्होंने मुझे बर्थडे विश किया और कहने लगे तुमने एक फिल्म साइन की है। मैंने कहा, अब तक कोई साइन नहीं की। सलमान फिर बोले कहा, तुमने फिल्म साइन की है और वो मेरी है। उनका सवाल था, हीरो बनोगे ना? तब मैंने कहा था कि जरूर, आपके लिए कुछ भी।
फिर उन्होंने कहा, अभी तुम तैयारी करो, मैं तुम्हे जल्द फोन करूंगा। लगभग एक साल बाद उनका फोन आया कि मैं 'हीरो' फिल्म बना रहा हूं और तुम लीड एक्टर हो। कुछ एेसे ही खास लम्हों को सूरज पंचोली ने पत्रिका प्लस के साथ शेयर किया।
 
अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए लीड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी के साथ वे गुरुवार को जयपुर आए। दोनों ने राजस्थान पत्रिका के मुख्यालय केसरगढ़ की विजिट की। इस दौरान वे पत्रिका प्लस के गेस्ट एडिटर भी बने। इसके बाद दोनों स्टार किड्स ने इंटरेक्शन प्रोग्राम में जयपुराइट्स से अपने अनुभव शेयर किए।
 
स्टार किड्स लेकिन डबल मेहनत की।
अथिया ने बताया कि 'मैं जिस जिम में जाती थी, वहां सलमान की बहन अलवीरा भी आती थी। अलवीरा ने ही मेरा नाम सलमान को सजेस्ट किया था। सलमान ने पापा (सुनील शेट्टी) से कॉन्टेक्ट किया और पापा ने ही मुझे इस फिल्म में काम करने के बारे में बताया। हम दोनों को स्टार किड्स कहा जाता है
और दबाव के बारे में पूछा जाता है। हम दोनों के पीछे सेलेब्रिटी का सरनेम है, बाकी हमने मेहनत डिमांड से डबल की है। सलमान मेरे पापा के खास फ्रैंड हैं, लेकिन हम कभी भी फिल्मों पर बात नहीं करते। सलमान सर के लिए एक ही बात कहूंगी कि वो इंसान के साथ काम में भी परफेक्ट हैं।
 
जैकी बोले 'भीडू, तू तो हीरो के माफिक दिखता है।
सूरज ने बताया कि 'जब ट्रेलर लॉन्च हुआ, तो उसी दिन घर पर जैकी श्रॉफ अंकल का फोन आया और उन्होंने अपनी स्टाइल में कहा 'भीड़ू, बहुत मस्त काम किया है, एकदम हीरो के माफिक लग रहा है। तू मेरा बच्चा है, मेरी फिल्म के रीमेक में तू सबसे परफेक्ट है। यह सुनना, मेरे लिए सबसे खास लम्हा बन गया।