पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एम्स में भर्ती, बीजेपी ने जारी की प्रेस रिलीज

 11 Jun 2018  513

दिल्ली, (11 जून 2018)- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। बीजेपी की ओर से भी इसे लेकर प्रेस रिलीज जारी की गई है। वाजपेयी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वाजपेयी को एम्स, दिल्ली के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया की देखरेख में रखा गया है। वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। 93 साल के वाजपेयी पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने किसी गैर कांग्रेसी दल की सरकार पूरे पांच साल तक चलाई। पद्म विभूषण के साथ-साथ 2015 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से भी नवाजा गया था। 1924 में जन्मे वाजपेयी ने 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान राजनीति में शिरकत की थी, साथ ही वो संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण देने वाले पहले विदेश मंत्री भी रहे हैं। लखनऊ से वो पांच बार (1991, 1996, 1998, 1999 और 2004) सांसद चुने जा चुके हैं।