आरएसएस के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे प्रणव मुखर्जी

 07 Jun 2018  744

नागपुर, (7 जून 2018)- कांग्रेस की परंपरा में रचे बसे दिग्गज नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने संघ के मुख्‍यालय पहुंच गए हैं। नागपुर में राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्‍थापक केबी हेडगेवार की जन्‍मस्‍थली पहुंचे प्रणब मुखर्जी का स्‍वागत संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया। पूर्व राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को 'भारत माता का एक महान सपूत' बताया। मुखर्जी ने हेडगेवार के जन्मस्थल का दौरा किया और आगंतुकों के लिए मौजूद किताब में लिखा, "मैं आज यहां भारत माता के महान सपूत को मेरी श्रद्धांजलि और सम्मान पेश करने आया हूं।" राष्ट्रपति बनने से पहले दशकों तक कांग्रेस पार्टी में रहे मुखर्जी गुरुवार को नागपुर में आरएसएस के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। उनके इस दौरे की उनकी पार्टी के कई नेताओं समेत कई अन्य लोगों ने आलोचना की है। हालांकि प्रणब मुखर्जी के इस कदम पर सियासी हलचल तेज है, कांग्रेस के तमाम नेता इस दौरे के विरोध में बोल रहे हैं।

►प्रणव मुखर्जी का कार्यक्रम 

गुरुवार शाम प्रणब मुखर्जी संघ शिक्षा वर्ग के तृतीय वर्ष के दीक्षांत समारोह में अपना भाषण देंगे। शाम साढ़े छह उनका भाषण होगा, जो करीब 20 मिनट तक चलेगा। इससे पहले मोहन भागवत और भैयाजी जोशी के साथ 15 मिनट तक चाय पर चर्चा होगी। उसके बाद संघ के प्रमुख पदाधिकारियों का प्रणब मुखर्जी से परिचय कराया जाएगा। शाम 6.15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। जहां वह संघ शिक्षा वर्ग में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। इसके बाद महानगर संघ चालक का प्रस्तावित भाषण. 6.35 बजे प्रणब मुखर्जी अपना भाषण देंगे। यह भाषण करीब 20 मिनट का होगा। आख़िर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। हालांकि आज सबकी नजरें प्रणव मुखर्जी के भाषण पर टिकी रहेगी।