कल ही साबित करे येदियुरप्पा बहुमत : सुप्रीम कोर्ट
18 May 2018
535
नई दिल्ली, (18 मई 2018)- सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा को विधानसभा में शनिवार शाम चार बजे बहुमत साबित करने का आदेश दिया है. हालांकि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कम से कम सोमवार तक का समय मांगा था लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने किसी की एक न सुनते हुए शनिवार ही बहुमत साबित कराने को कहा.
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि, फ्लोर टेस्ट होने तक बतौर मुख्यमंत्री येदियुरप्पा कोई फैसला नहीं ले सकेंगे. साथ ही यह भी कहा है कि राज्य के डीजीपी कर्नाटक में सुरक्षा का मुकम्मल बंदोबस्त करें. सुप्रीम कोर्ट ने शक्ति परीक्षण के दौरान गुप्त मतदान कराने का येदियुरप्पा का अनुरोध भी खारिज कर दिया है. गौरतलब है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बहुमत साबित करने का पूर्ण विश्वास जताया उन्होंने कहा, हम सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करेंगे. तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से आनंद व्यक्त किया।