सरकार व्यापारियों की हितैषी - मोहित कंबोज
28 Jan 2018
1022
मुंबई, (28 जनवरी 2018)- वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को देश की अर्थ व्यवस्था के लिए वरदान करार देते हुए इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित कंबोज ने दोहराया है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार सही मायने में व्यापारियों की हितैषी है और जो फैसले ले रही है, उससे देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होकर उभरेगी।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में अपने संबोधन में कंबोज ने कहा कि, ऐसा शोर मचाया जा रहा है कि केंद्र सरकार व्यपारियों की विरोधी है और व्यापार विरोधी फैसले ले रही है, जबकि यह सरासर गलत है। सच तो यह है कि केंद्र सरकार ने पिछले साढ़े तीन साल के दौरान जो भी फैसले लिए है, वे सभी फैसले जनता और व्यापारियों के अलावा देश के व्यापक हित में हैं। इससे देश में खुशहाली आएगी।
अपने विस्तृत भाषण में कंबोज ने कहा कि नोटबंदी हो या जीएसटी, ये तमाम फैसले केंद्र सरकार ने जनता के हित को सर्वोपरि रखते हुए लिया है। इससे केंद्र सरकार की रोजगार सृजन की नीति कारगर होगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई के अध्यक्ष ने दोहराया कि संस्थान के कामकाज में पारदर्शिता होनी ही चाहिए। कंबोज ने इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के गवर्निंग बोर्ड से अपील की कि युवा उद्यमियों को ज्यादा मौका दे ताकि मुंबई के बुलियन बाजार को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। कंबोज ने कहा, "सोना कारोबारियों औरआभूषण व्यापारियों को मुझसे बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं। मैं अपनी जिम्मेदारी का मेहनत और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए कारोबारियों की कसौटी पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।"
भाजपा के वरिष्ठ विधायक राज के. पुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि सोना कारोबार जवेरी बाजार में रहा है और भविष्य में भी रहेगा। उन्होंने कहा कि बुलियन व्यापारियों की हर समस्या को हल करने के लिए वह सदा से तत्पर रहे हैं और आगे भी सहयोग करते रहेंगे।मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि सोना हमेशा इज्जत का प्रतीक रहा है और इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन देश की प्रतिष्ठा की प्रतीक है। इसीलिए बुलियन व्यापारियों की मांग पर सरकार गंभीरता और सहानुभूति पूर्वक विचार करेगी। समारोह को भाजपा विधायक प्रसाद लाड ने भी संबोधित किया। इससे पहले इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुने जाने पर संस्था के पदाधिकारियों और व्यापारी समुदाय ने मोहित कंबोज का सम्मान किया।