मुख्यमंत्री, पवार व ठाकरे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने किया मतदान

 26 Feb 2017  954
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
 
महाराष्ट्र में महानगर पालिका, जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए होने वाले मतदान में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राकांपा सुप्रीमो शरद पवार, शिवसेना अध्यक्ष उदधव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे ) अध्यक्ष राज ठाकरे सहित अनेक नेताओं ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्नी अमृता के साथ और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में मतदान किया। इसी तरह मुंबई में राकांपा सुप्रीमो शरद पवार, शिवसेना अध्यक्ष उदधव ठाकरे, मनसे के अध्यक्ष राज ठाकरे और महाराष्ट्र के राज्यमंत्री व रत्नागिरी के पालकमंत्री रवींद्र वायकर ने पत्नी के साथ मुंबई में मतदान किया है। कुलाबा में टीना अंबानी ने मतदान किया तो मुंबई मनपा आयुक्त अजोय मेहता, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार और भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने पूरे परिवार के साथ मतदान किया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री व राकांपा नेता अजीत पवार ने बारामती में तो सहकार मंत्री सुभाष देशमुख ने सोलापुर में मतदान किया है। कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशीलकुमार शिंदे ने भी परिवार सहित मतदान किया है। शिवसेना के मनोहर जोशी ने शिवाजी पार्क के पोलिंग बूथ पर मतदान किया। भाजपा प्रवक्ता शायना एनसी ने साइकिल की सवारी कर मुम्बई में पोलिंग बूथ पर पहुंची और अपना वोट डाला। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर टाउन हॉल के पोलिंग बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बीएमसी चुनाव के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
 
बीएमसी चुनाव : वोट डालने पहुंचे सितारे, कहा- वोटिंग करना हमारा कर्तव्य
महाराष्ट्र में भाजपा और उसकी गठबंधन पार्टी शिवसेना के बीच प्रतिष्ठा की जंग बन चुके बृहन्नमुंबई महानगरपालिका की 227 सीटों पर मतदान जारी है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी नागपुर नगर निगम चुनाव के लिए भारत महिला विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला। मुंबई में भी राजनीति के दिग्गजों के अलावा फिल्म जगत की हस्तियां भी वोट डालने के लिए पहुंच रही हैं। फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के अलावा रेखा, गीतकार गुलजार और अंबानी परिवार की बहू टीना अंबानी ने भी मतदान किया। वहीं, मशहूर निर्देशक जोया अख्तर ने बांद्रा के माउंट मेरी स्कूल में मतदान किया। जबकि फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने वोट डालने के बाद कहा कि मैंने अपने दिन की शुरुआत वोट डालने के साथ की है। हमारे देश और इसके विकास के लिए वोट डालना हमारा कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने अन्य लोगों को भी मतदान के लिए घर से बाहर निकलने की अपील की। इस बीच, एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन दीपक पारेख ने भी अपनी वोट डाला। बीएमसी चुनाव के तहत जारी वोटिंग में पोलिंग बूथ पर बॉलिवुड सितारे भी उमड़ पड़े हैं। अभिनेता जॉन अब्राहम और निर्देशक किरण राव ने भी वोट डाला है। फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह और उनके पिता ने मुम्बई में बीएमसी चुनाव के तहत मतदान किया।