कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पिछले माह पुलिस गोलीबारी में मारे गए दो लोगों के परिजनों से मिलने गुरुवार को पंजाब के फरीदकोट जिला पहुंचे। यहां उन्होंंने पुलिस की गोलीबारी में मारे गए गुरजीत सिंह बिट्टु के परिजनों से मुलाकात की।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब संकट में है, यहां किसानों की समस्या है। ड्रग्स की समस्या है, जब मैंने पहले कहा था कि पंजाब में ड्रग्स की समस्या है तो मेरा मजाक उड़ाया गया था।
उन्होंने कहा कि मुझे पंजाब में किसी का भविष्य नजर नहीं आता केवल अकालियों का भविष्य नजर आता है। राहुल ने कहा कि पंताब में इस बार कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।
गौातलब है कि सिखों के धार्मिक ग्रथ के कथित अपमान के मुद्दे पर सिख प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच फरीदकोट, मोगा और संगरूर जिलों सहित पंजाब में कई जगहों पर हुई झड़पोंं में दो की मौत के अलावा एक पुलिस आईजी सहित 75 लोग जख्मी हुए थे।
इससे पहले राहुल सुबह कोटकपुरा शहर पहुंचे। यहां से वह पुलिस गोलीबारी में मरने वाले गुरजीत सिंह के परिजनों से मिलने उनके गांव सरावा पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवार के साथ 20 मिनट का समय बिताया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष के साथ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता सुनील जाखर, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा और पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भटकल भी रहे।