चांदी की कीमतों में गिरावट, सोना हुआ महंगा
19 Sep 2015
1125
वैश्विक स्तर पर पीली धातु के दाम स्थिर रहने तथा डॉलर के मुकाबले रुपए के दो साल के निचले स्तर तक लुढ़कने से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 110 रुपए चढ़कर एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 26840 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया जबकि औद्योगिक मांग उतरने से चाँदी 125 रुपए गिरकर 35450 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, आरंभिक कारोबार में सोना हाजिर 1121.7 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा। अमेरिकी सोना वायदा के दाम 1.10 डॉलर बढ़कर 1121.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि शुक्रवार को अमेरिका में जारी गैर-कृषि क्षेत्र के रोजगार के आंकड़ों में मजबूती दर्ज की गई है, लेकिन यह मजबूती अपेक्षा से कम रही है। इससे इस महीने अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बारे में कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल रहे हैं, जिससे निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं।
वहीं, लंदन में चांदी 0.01 डॉलर चढ़कर 14.53 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। स्थानीय स्तर पर डॉलर के मुकाबले रुपए के लुढ़कने से सोने में तेजी रही। सोना स्टैंडर्ड 110 रुपए चमककर 26840 रुपए तथा सोना बिटुर इतनी ही मजबूती दर्ज कर 26690 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जो 31 अगस्त के बाद का इनका उच्चतम स्तर है।
आठ ग्राम वाली गिन्नी में कोई बदलाव नहीं हुआ और यह 22300 रुपए पर टिकी रही। चांदी की औद्योगिक मांग कमजोर रही। इससे चांदी हाजिर 125 रुपए प्रति दस ग्राम टूटकर 35450 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। हालांकि, भविष्य में मंाग में सुधार की उम्मीद से चांदी वायदा 720 रुपए की छलांग लगाकर 35250 रुपए पर पहुंच गई।
सिक्का लिवाली और बिकवाली के दाम पिछले कारोबारी दिवस के क्रमश: 51 हजार तथा 52 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहे। कारोबारियों ने बताया कि स्थिर मांग के बीच रुपए के लुढ़कने से सोने में तेजी आई है, जबकि चांदी पर कमजोर औद्योगिक मांग का दबाव रहा। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि 01 नवंबर से वैवाहिक लग्न शुरू हो रहे हैं, जिसके मद्देनजर धीरे-धीरे सोने की थोक मांग बढऩे से इसमें मजबूती आएगी।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे-
-
सोना स्टैंडर्ड (प्रति दस ग्राम)----------26840
-
सोना बिटुर (प्रति दस ग्राम)------------26690
-
चांदी हाजिर (प्रति किलोग्राम)---------35450
-
चांदी वायदा (प्रति किलोग्राम)---------35250
-
सिक्का लिवाली (प्रति सैकड़ा)---------51000
-
सिक्का बिकवाली (प्रति सैकड़ा)-------52000
-
गिन्नी (प्रति आठ ग्राम)------------------22300